महर्षि विद्या मंदिर में सीपीडी कार्यक्रम का समापन

CM Dehradun Latest News Politics special news special report Uttarakhand

महर्षि विद्या मंदिर, हरिद्वार में आयोजित तीन दिवसीय सतत व्यावसायिक विकास (CPD) कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं शिक्षण दक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

कार्यक्रम के अंतिम दिन गुरु पूजन एवं भावातीत ध्यान (TM) के साथ गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुयश भारद्वाज ने आधुनिक शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की भूमिका एवं उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात श्रीमती ज्योति हरबोला ने ‘स्कीम ऑफ स्टडीज’ तथा श्री विनय प्रकाश ने उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। दोपहर बाद महर्षि शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष माननीय ब्रह्मचारी गिरिश जी का प्रेरणादायी संदेश शिक्षकों को प्राप्त हुआ। उन्होंने मूल्य-आधारित शिक्षा तथा नियमित भावातीत ध्यान के अभ्यास पर विशेष बल दिया।

समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव त्यागी ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों के लिए निरंतर सीखना और नई तकनीकों से स्वयं को अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *