हरिद्वार, 19 जुलाई। महर्षि विद्या मंदिर, हरिद्वार में आयोजित बहुविषयक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। विज्ञान, गणित, वाणिज्य, मानविकी, सामाजिक विज्ञान और पर्यावरण विज्ञान विषयों के विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका शर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के नवाचार, वैज्ञानिक सोच और प्रस्तुतीकरण कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी नई दिशा देती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव त्यागी ने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना की।