यूटीयू सेमेस्टर परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

CM Dehradun Latest News Politics special news special report Uttarakhand

उत्तराखण्ड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्न पत्र को लीक करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त द्वारा परीक्षा से पूर्व ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुडे प्रश्नपत्रों को लीक किया गया था।

आज वादी डॉ विनय कुमार पटेल परीक्षा नियंत्रक वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देहरादून द्वारा कोतवाली प्रेमनगर में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान दिनांक 08-07-26 को आयोजित परीक्षा के सम्बन्ध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दिनांक 03-07-26 को शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग देहरादून में नियुक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों को शेयर किए जाने की जानकारी दी गई, जिसका परीक्षा सम्पन्न होने के पश्चात प्रश्न पत्र से मिलान किया गया तो उक्त प्रश्नों में काफी समानता पाई गई।

इस सम्बन्ध में विश्वविद्यालय द्वारा गठित की गई आन्तरिक जांच समिति की जांच के दौरान भी उक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पूर्व छात्रों के आन्तरिक पोर्टल/व्हाट्सएप पर परीक्षा से सम्बन्धित समान प्रश्नों को साझा किया जाना प्रकाश में आया।

शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता द्वारा छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को भंग किया गया। वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर पर मु0अ0सं0 / 144/26 धारा/ 316, 318 (4), 61 (2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

प्रकरण की गम्भीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा अभियोग में त्वरित साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए अभियोग में नामजद अभियुक्त के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, जिस पर विवेचक द्वारा अभियोग में गवाहों के बयान, प्राप्त दस्तावेजी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में नामजद अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग झाझरा को गिरफ्तार किया गया है।

अभियुक्त से प्राप्त उपकरणों के संबंध में जांच की जा रही है तथा उक्त प्रकरण में सलिप्त अन्य अभियुक्त गणों के संबंध में साक्ष्य एकत्रित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग शाकुम्भरी विहार सहारनपुर का मूल निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *